रक्षा व सुरक्षा
02 Jul, 2026

अमृतसर एयरपोर्ट पर एक करोड़ का सोना जब्त, महिला समेत तीन गिरफ्तार

अमृतसर के श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर कस्टम और डीआरआई ने अलग-अलग कार्रवाई में एक महिला सहित तीन यात्रियों से एक करोड़ रुपये से अधिक मूल्य का सोना बरामद कर अंतरराष्ट्रीय तस्करी के एंगल से जांच शुरू कर दी है।

अमृतसर, 02 जुलाई।

श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग और राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए एक महिला सहित तीन यात्रियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से एक करोड़ रुपये से अधिक मूल्य का सोना बरामद हुआ। आरोपी सोने को पेस्ट, जूतों, कड़ों और चेन के रूप में छिपाकर भारत लाने का प्रयास कर रहे थे।

पहले मामले में शारजाह से फ्लाइट संख्या 6E1428 से पहुंचे एक यात्री को संदेह के आधार पर रोका गया। जांच, एक्स-रे स्कैनिंग और व्यक्तिगत तलाशी में उसके पास से पेस्ट के रूप में 174 ग्राम सोना मिला। प्रोसेसिंग के बाद इसका शुद्ध वजन 150.04 ग्राम निकला, जिसकी अनुमानित कीमत 22 लाख 5 हजार 588 रुपये है। यह सोना जूतों के भीतर छिपाया गया था।

दूसरी कार्रवाई में शारजाह से फ्लाइट संख्या IX-138 से पहुंची एक महिला यात्री की जांच के दौरान पेस्ट के रूप में 114 ग्राम सोना बरामद हुआ। प्रोसेसिंग के बाद इसका शुद्ध वजन 90.21 ग्राम पाया गया। इसकी अनुमानित कीमत 13 लाख 26 हजार 87 रुपये आंकी गई है।

तीसरे मामले में मेलबर्न से कुआलालंपुर के रास्ते फ्लाइट संख्या MH-118 से अमृतसर पहुंचे एक यात्री के पास से 24 कैरेट सोने के दो कड़े और एक चेन बरामद की गई। बरामद सोने का कुल वजन 484 ग्राम रहा, जिसकी कीमत 70 लाख 66 हजार 400 रुपये बताई गई है।

अधिकारियों के अनुसार जब्त किए गए सोने के संबंध में सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 की विभिन्न धाराओं के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए हैं। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इन मामलों के पीछे कोई अंतरराष्ट्रीय गोल्ड तस्करी गिरोह सक्रिय है या नहीं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि बरामद सोना पंजाब में किसी अवैध नेटवर्क, सर्राफा बाजार या हवाला चैनल के माध्यम से खपाया जाना था या नहीं।

|
आज का राशिफल

अपनी गतिविधियों पर पुनर्विचार करें। वैचारिक द्वन्द्व और असंतोष बना रहेगा। किसी सूचना से पूर्ण निर्णय सम्भव। सुख आरोग्य प्रभावित होगा। शत्रुभय, चिंता, संतान को कष्ट, अपव्यय के कारण बनेंगे। आय-व्यय की स्थिति समान रहेगी। किसी नजदीकी शुभचिंतक सलाह उपयोगी सिद्घ होगी। शुभांक-5-6-7

आज का मौसम

भोपाल

25° / 30°

Cloudy

ट्रेंडिंग न्यूज़