नई दिल्ली, 3 जुलाई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पावन श्री अमरनाथ यात्रा के शुभारंभ पर देश-विदेश के सभी शिवभक्तों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कामना की कि बाबा बर्फानी के दिव्य दर्शन की यह यात्रा सभी श्रद्धालुओं के जीवन में सुख-समृद्धि, सौभाग्य और उत्तम स्वास्थ्य लेकर आए।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने भगवान अमरनाथ की महिमा का स्मरण करते हुए एक संस्कृत सुभाषित भी साझा किया। उन्होंने लिखा, “वाग्बुद्धिचित्तकरणैश्च तपोभिरुग्रैः शक्यं समाकलयितुं न यदीयरूपम्। तं भक्तिभावसुलभं शरणं नतानां नित्यं भजाम्यऽमरनाथमहं दयालुम्॥”
प्रधानमंत्री ने इस श्लोक का अर्थ भी बताया। उन्होंने कहा कि जिनके स्वरूप को वाणी, बुद्धि, चित्त और इंद्रियों के माध्यम से, यहां तक कि कठोर तपस्या से भी नहीं जाना जा सकता तथा जो केवल भक्ति भाव से सहज रूप में प्राप्त होते हैं और अपने चरणों में आने वाले श्रद्धालुओं को आश्रय देते हैं, ऐसे दयालु भगवान अमरनाथ की वह नित्य आराधना करते हैं।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपने संदेश में लिखा, “समस्त शिवभक्तों को पावन-पुनीत श्री अमरनाथ यात्रा के शुभारंभ की अनंत शुभकामनाएं। बाबा बर्फानी के दिव्य दर्शन की यह यात्रा आप सभी के जीवन में सुख-समृद्धि, सौभाग्य और उत्तम स्वास्थ्य लेकर आए। जय बाबा बर्फानी!”

















