जबलपुर, 03 जुलाई।
जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट पर टैक्सी किराए को लेकर मिल रही शिकायतों के बाद जिला प्रशासन ने नई टैक्सी किराया सूची जारी कर दी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित दर से अधिक किराया वसूलने वाले चालकों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
आरटीओ रिंकू शर्मा ने बताया कि यात्रियों को पारदर्शी और सुरक्षित परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह व्यवस्था लागू की गई है। इससे एयरपोर्ट पर टैक्सी संचालन में अनुशासन बना रहेगा और यात्रियों को मनमाने किराए की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा।
नई दरों के अनुसार 1 से 10 किलोमीटर तक की यात्रा के लिए 500 रुपये, 11 से 15 किलोमीटर के लिए 700 रुपये, 16 से 20 किलोमीटर के लिए 800 रुपये तथा 21 से 25 किलोमीटर तक के लिए 1000 रुपये किराया निर्धारित किया गया है।
इसके अलावा समय और दूरी के आधार पर भी किराया तय किया गया है। 4 घंटे या 40 किलोमीटर तक के लिए 1200 रुपये, 6 घंटे या 60 किलोमीटर तक के लिए 1500 रुपये तथा 8 घंटे या 80 किलोमीटर तक की यात्रा के लिए 1800 रुपये निर्धारित किए गए हैं।
प्रशासन का मानना है कि नई किराया व्यवस्था लागू होने से टैक्सी चालकों की मनमानी पर रोक लगेगी और यात्रियों तथा चालकों के बीच किराए को लेकर होने वाले विवादों में भी कमी आएगी।

















