मुजफ्फराबाद, 06 जुलाई।
पाकिस्तान के अवैध कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर (PoJK) में हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं। मूलभूत अधिकारों और आर्थिक राहत की मांग कर रहे प्रदर्शनकारियों पर पाकिस्तान रेंजर्स ने अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं, जिसमें एक व्यक्ति की जान चली गई और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
प्रदर्शनों को कुचलने के लिए स्थानीय प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस्लामाबाद के खिलाफ आवाज उठाने वाले 600 से अधिक नागरिक अधिकार कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस दमनकारी कार्रवाई के बाद आक्रोश और बढ़ गया है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी विरोध की गूंज सुनाई दी है, जहाँ लंदन में प्रवासियों ने प्रदर्शनकारियों के समर्थन में अपना विरोध दर्ज कराया है। दूसरी ओर, पाकिस्तान के कराची स्थित अब्बासी शहीद अस्पताल में जूनियर डॉक्टरों ने भी मोर्चा खोल दिया है।
वे अपने लंबित मानदेय के भुगतान, बेहतर सुरक्षा और अस्पताल में आवश्यक सुविधाओं की मांग कर रहे हैं। डॉक्टरों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों को समय पर पूरा नहीं किया गया, तो वे ओपीडी सेवाएं ठप कर देंगे।

















