मुंबई, 06 जुलाई।
मानखुर्द के मंडाला जनता नगर इलाके में रविवार रात को बड़ा हादसा हुआ है। यहाँ एक तीन मंजिला निर्माणाधीन मकान अचानक बगल में बने घर पर ढह गया, जिससे सात लोगों की जान चली गई है। मरने वालों में एक महिला और छह मासूम बच्चे शामिल हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग और एनडीआरएफ की टीमें तत्काल मौके पर पहुंच गईं। राहत और बचाव कार्य तेजी से चलाया जा रहा है। मलबे में अभी भी एक और व्यक्ति के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है, जिसे निकालने के लिए तलाशी अभियान जारी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दिन भर हुई भारी बारिश के कारण यह निर्माण कार्य ढह गया। घटना के बाद घायलों को शताब्दी और राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इलाका संकरा होने के कारण बचाव दल को घटनास्थल तक पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
स्थानीय प्रशासन के अनुसार, यह गिरी हुई इमारत पूरी तरह से अवैध थी और इसे कलेक्टर की जमीन पर बनाया गया था। फिलहाल पुलिस और नगर निगम की टीमें इस पूरे मामले की गहन छानबीन में जुटी हैं ताकि लापरवाही के जिम्मेदार लोगों का पता लगाया जा सके।


















