अयोध्या, 06 जुलाई।
अयोध्या में सोमवार को आयोजित श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक में महासचिव चम्पत राय और ट्रस्ट सदस्य डॉ. अनिल मिश्र का त्यागपत्र स्वीकार कर लिया गया। बैठक में ट्रस्ट सदस्य कृष्ण मोहन त्रिपाठी को कार्यकारी महासचिव नियुक्त किया गया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता दान चोरी के मामले में दोषियों को सजा दिलाना और मंदिर प्रबंधन में रही कमियों को दूर करना होगी। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट समाज के बीच मंदिर के प्रति विश्वास और प्रतिष्ठा को और मजबूत करेगा।
ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि ने बैठक के निर्णयों की जानकारी देते हुए बताया कि बैठक निर्धारित कोरम के साथ संपन्न हुई, जबकि ट्रस्टी के. पारासरन वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए। बैठक में मंदिर में दान से जुड़ी चोरी की घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया गया। इसके बाद ट्रस्ट के नियमों के अनुरूप चम्पत राय और डॉ. अनिल मिश्र के नैतिक आधार पर दिए गए इस्तीफों पर विचार किया गया।
उन्होंने बताया कि ट्रस्ट के नियमों के अनुसार किसी सदस्य का त्यागपत्र दिए जाने पर उसे स्वीकार किया जाता है। इसी प्रक्रिया के तहत दोनों के इस्तीफे स्वीकार किए गए। साथ ही कृष्ण मोहन त्रिपाठी को कार्यकारी महासचिव नियुक्त किया गया है। उनके सहयोग के लिए एक समिति का भी गठन किया गया है।
गोविंद देव गिरि ने बताया कि ट्रस्ट की अगली बैठक 22 जुलाई को होगी। इस बैठक में नए ट्रस्ट सदस्यों की नियुक्ति पर विचार किया जाएगा। तब तक एसआईटी की अंतिम रिपोर्ट आने की भी संभावना है। उन्होंने कहा कि दान चोरी के मामले में अन्य आरोपितों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि राम मंदिर के लिए दान में मिली 2800 वस्तुओं की सूची तैयार है और यदि किसी दानदाता को किसी प्रकार का संदेह हो तो वह अयोध्या स्थित ट्रस्ट कार्यालय में आकर उनका सत्यापन कर सकता है। सभी वस्तुएं सुरक्षित रखी गई हैं।
गोविंद देव गिरि ने कहा कि दान चोरी के मामले को लेकर कई तरह की बातें सार्वजनिक रूप से सामने आई हैं और कुछ राजनीतिक दलों ने भी इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट समाज की अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य करेगा और रामभक्तों का विश्वास बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे धैर्य रखें और अपुष्ट या भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें।
बैठक महंत नृत्य गोपाल दास की अध्यक्षता में श्रीराम जन्मभूमि परिसर में आयोजित हुई, जिसमें ट्रस्ट के विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा की गई।



















