अयोध्या, 7 जुलाई।
अयोध्या स्थित राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पूर्व महामंत्री चंपत राय ने पहली बार अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से जारी पत्र में कहा है कि विशेष जांच दल की अंतिम रिपोर्ट आने के बाद ही वह सभी सवालों के जवाब देंगे।
चंपत राय ने अपने पत्र की शुरुआत रामचरितमानस की चौपाई “धीरज धर्म मित्र अरु नारी, आपद काल परिखिअहिं चारी” से की। उन्होंने इसका उल्लेख करते हुए कहा कि संकट के समय ही धैर्य, धर्म और संबंधों की वास्तविक परीक्षा होती है।
यह बयान उस समय आया है, जब सोमवार को हुई श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक में चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफे स्वीकार किए गए थे। इसके साथ ही ट्रस्ट ने कृष्ण मोहन को अंतरिम महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी है।
चंपत राय ने अपने पत्र में लिखा कि 7 जून 2026 से श्री राम जन्मभूमि मंदिर परिसर के दानपात्र की गणना के दौरान हुई चोरी को लेकर कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में उनके ऊपर भी कई आरोप लगाए गए हैं।
उन्होंने पत्र में लिखा कि जांच प्रक्रिया पूरी होने और एसआईटी की अंतिम रिपोर्ट आने के बाद वह पूरे मामले से जुड़े सभी सवालों के जवाब देंगे। उन्होंने अपने पत्र को “रामभक्तों के नाम चंपत राय की पाती” शीर्षक के साथ साझा किया है।
चढ़ावा चोरी मामले को लेकर जांच जारी है। ट्रस्ट की बैठक में लिए गए निर्णयों के बाद अब मामले में आगे की कार्रवाई और जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।















.jpg)