प्रशासनिक खबरें
08 Jul, 2026

काम में लापरवाही पर निगम आयुक्त सख्त, कई अधिकारियों का वेतन रोकने के निर्देश

भोपाल नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन ने समीक्षा बैठक में खराब प्रदर्शन वाले अधिकारियों पर कार्रवाई करते हुए वेतन रोकने के निर्देश दिए।

भोपाल, 8 जुलाई।

नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन ने निगम कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर सख्ती दिखाई है। अटल भवन में आयोजित समय-सीमा प्रकरणों और निगम कार्यों की समीक्षा बैठक में उन्होंने राजस्व वसूली, सीएम हेल्पलाइन शिकायतों, सीवेज और यांत्रिक कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई।

बैठक में खराब प्रदर्शन करने वाले राजस्व विभाग, यांत्रिक और सीवेज शाखा के अधिकारियों के साथ जोन-1, 2, 3, 4, 5, 6, 8, 10, 15, 18 के जोनल अधिकारियों और वार्ड प्रभारियों का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा जोन-17 के वार्ड प्रभारियों पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

नगर निगम आयुक्त ने राजस्व वसूली बढ़ाने के लिए संपत्तिकर, जल उपभोक्ता प्रभार, लीज रेंट और किराया सहित सभी मदों में लक्ष्य के अनुसार काम करने को कहा। उन्होंने नए कर खाते खोलने और बकायादारों के खिलाफ नोटिस जारी कर कुर्की तथा तालाबंदी जैसी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

उन्होंने सीएम हेल्पलाइन सहित अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों के त्वरित निराकरण पर जोर दिया। साथ ही 50 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने और लोक निर्माण विभाग से जुड़ी शिकायतों को तत्काल पीडब्ल्यूडी को भेजने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर आयुक्तों को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों की नियमित निगरानी करने के लिए कहा गया। इसके साथ ही संपत्ति विरूपण करने वालों पर कार्रवाई करने, आउटडोर मीडिया नियमों का पालन कराने और विरूपित स्थानों की सफाई का खर्च संबंधित व्यक्ति या संस्था से वसूलने के निर्देश दिए गए।

बारिश के मौसम को देखते हुए निगम आयुक्त ने नालों और नालियों की नियमित सफाई कराने, जलभराव रोकने के प्रभावी इंतजाम करने और मेडिकल वेस्ट सहित अन्य प्रकार की गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा।

उन्होंने सफाई मित्रों को आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराकर काम कराने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए, ताकि सफाई व्यवस्था बेहतर तरीके से संचालित हो सके।

|
आज का राशिफल

जीवनसाथी का परामर्श लाभदायक रहेगा। समय नकारात्मक परिणाम देने वाला बन रहा है। कल का परिश्रम आज लाभ देगा। कामकाज में आ रही बाधा दूर होगी। बाहरी और अंदरूनी सहयोग मिलता चला जाएगा। पर प्रपंच में ना पड़कर अपने काम पर ध्यान दीजिए। आत्मीय श्रेष्ठता बनेगी। शुभांक-2-5-6

आज का मौसम

भोपाल

24° / 27°

Light rain

ट्रेंडिंग न्यूज़