अलवर, 9 जुलाई।
खैरथल-तिजारा जिले के भिवाड़ी में खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए स्टिंग एनर्जी ड्रिंक की 21,200 कैन सीज कर दी हैं। यह कार्रवाई प्रदेश में चल रहे शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान के तहत की गई। विभाग ने उत्पाद के लेबल पर किए गए दावों को प्रथम दृष्टया भ्रामक मानते हुए यह कदम उठाया है।
फूड सेफ्टी एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला और जिला कलक्टर अतुल प्रकाश के निर्देश पर सीएमएचओ खैरथल की टीम ने भिवाड़ी स्थित वरुण बेवरेज लिमिटेड का निरीक्षण किया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी खैरथल डॉ. अरविंद गेट ने बताया कि जांच के दौरान स्टिंग एनर्जी कैफिनेटेड बेवरेज के लेबल पर ‘स्टिम्युलेट्स माइंड’, ‘एनर्जाइजेस बॉडी’ और ‘सेम ग्रेट टेस्ट’ जैसे दावे लिखे मिले। प्रारंभिक जांच में ये दावे एफएसएसएआई के दिशा-निर्देशों के अनुरूप नहीं पाए गए।
इसके बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत उत्पाद के नमूने लिए गए और 180 एमएल क्षमता वाली कुल 21,200 कैन को सीज कर दिया गया। टीम ने भिवाड़ी स्थित होटल आरसी पैलेस, मनसा चौक से दही और पनीर के नमूने भी लिए। होटल संचालक को साफ-सफाई बनाए रखने और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए।
फूड सेफ्टी अधिकारी हेमंत कुमार यादव ने बताया कि एफएसएसएआई के दिशा-निर्देशों के अनुसार कैफिनेटेड बेवरेज पर ‘स्टिम्युलेट्स माइंड’, ‘एनर्जाइजेस बॉडी’, ‘एनर्जी ड्रिंक’ या ‘स्पोर्ट्स ड्रिंक’ जैसे दावे भ्रामक प्रचार की श्रेणी में आते हैं।
उन्होंने बताया कि जब्त किए गए उत्पादों और लिए गए नमूनों को जांच के लिए लैब भेजा जाएगा। रिपोर्ट मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत संबंधित कंपनी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।















