महोबा, 09 जुलाई।
जिले के खरेला थाना क्षेत्र के ऐंचाना गांव में दरवाजे पर खड़े ट्रैक्टर को हटाने के लिए कहना एक महिला को भारी पड़ गया। पीड़िता मुलिया ने आरोप लगाया है कि ट्रैक्टर हटाने की गुजारिश करने पर दबंगों ने उसके साथ बदसलूकी की।
पीड़िता का कहना है कि नीतेश यादव ने उसके घर के सामने ट्रैक्टर खड़ा कर दिया था। जब उसने इसका विरोध कर ट्रैक्टर हटाने को कहा, तो नीतेश अपने भाई राहुल और पिता रक्षपाल के साथ वहां पहुंचा। उन लोगों ने महिला का रास्ता रोककर उसे घेर लिया।
आरोप है कि लाठी-डंडों से लैस होकर आए तीनों आरोपियों ने महिला के साथ मारपीट की। इस हमले में उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। विरोध करने पर आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी।
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर नीतेश यादव, राहुल और रक्षपाल के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।














