नंदीग्राम, 09 जुलाई।
पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले में राजनीतिक समीकरणों में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। नंदीग्राम-दो विकासखंड की खोड़ामबाड़ी-1 ग्राम पंचायत पर अब भारतीय जनता पार्टी का कब्जा हो गया है। बुधवार को आयोजित सामान्य सभा में भाजपा की नमिता कोयाल पात्र को ग्राम प्रधान और शिवकाली घोड़ाई को उपप्रधान निर्वाचित किया गया।
खोड़ामबाड़ी-1 ग्राम पंचायत में कुल 15 सदस्य हैं। पूर्व प्रधान और उपप्रधान के इस्तीफे के बाद रिक्त हुए इन पदों पर निर्वाचन के माध्यम से भाजपा ने अपना नियंत्रण स्थापित किया है। पंचायत पर जीत दर्ज करने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसे जिले में अपनी एक और महत्वपूर्ण सफलता करार देते हुए जमकर जश्न मनाया।
नवनिर्वाचित प्रधान नमिता कोयाल पात्र ने कहा कि उनका मुख्य ध्यान क्षेत्र के विकास कार्यों पर रहेगा और वे भाजपा के मार्गदर्शन में जनहितकारी योजनाओं को तेजी से लागू करेंगी। वहीं, स्थानीय भाजपा नेताओं ने पूर्ववर्ती तृणमूल कांग्रेस शासन पर विकास के नाम पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं और पंचायत में पारदर्शी प्रशासन का वादा किया है। नंदीग्राम के राजनीतिक परिदृश्य में इस बदलाव को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।















