मैहर, 09 जुलाई।
मध्य प्रदेश के मैहर जिले में मैहर-कटनी मार्ग पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। यहाँ टायर बदलने के लिए सड़क किनारे खड़ी एक यात्री बस को पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, संजय ट्रैवल्स की बस सतना से हैदराबाद की ओर जा रही थी। रात करीब 11:30 बजे पोड़ी के समीप बस का टायर पंचर हो गया, जिसके बाद बस को किनारे खड़ा कर चालक और स्टाफ उसे ठीक कर रहे थे। इस दौरान कुछ यात्री बस से उतरकर सड़क के किनारे खड़े थे। तभी पीछे से अनियंत्रित गति से आए ट्रक ने बस को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस करीब 10 मीटर आगे खिसक गई और चपेट में आने से लालपुर निवासी नत्थू यादव (32) की पहिए के नीचे दबने से घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस बल और एंबुलेंस तत्काल मौके पर पहुंची। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।















