सिरसा, 09 जुलाई।
सिरसा जिले में एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। गांव भीमां निवासी बलविंद्र सिंह अपने दो साथियों मिठू सिंह और बलजीत सिंह के साथ बाइक से वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान गुड़ा रजवाहा पुल के पास एक तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
इस हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने बलविंद्र सिंह को मृत घोषित कर दिया। मिठू सिंह और बलजीत सिंह का उपचार चल रहा है। घटना के बाद बोलेरो चालक मौके से फरार हो गया, जिसके खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।
दूसरी ओर, रानियां क्षेत्र में पुलिस ने चोरी की एक वारदात का पर्दाफाश किया है। मोटर गैराज से नकदी और सामान चोरी होने की शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुखाराम नाम के एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर चोरी का सारा सामान बरामद कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है।















