जबलपुर, 09 जुलाई।
मध्य प्रदेश का छठवां राज्य वित्त आयोग आज गुरुवार को जबलपुर प्रवास पर है। आयोग के अध्यक्ष जयभान सिंह पवैया, सदस्य के के सिंह और सदस्य सचिव वीरेंद्र कुमार की मौजूदगी में जिले की वित्तीय स्थिति और विकास कार्यों की व्यापक समीक्षा की जा रही है।
आयोग की पहली बैठक सुबह 11.30 बजे सर्किट हाउस में आयोजित की गई। इस उच्चस्तरीय बैठक में जिले के मंत्रीगण, सांसद, विधायक, महापौर और जिला पंचायत अध्यक्ष शामिल हुए। चर्चा का मुख्य केंद्र नगरीय एवं पंचायती राज संस्थाओं की वित्तीय स्थिति को सुदृढ़ करने के लिए सुझाव और रणनीतियां बनाना रहा।
समीक्षा का दूसरा चरण दोपहर 2 बजे कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में शुरू होगा। इसमें संभाग आयुक्त, जबलपुर संभाग के सभी जिलों के कलेक्टर, नगर निगम आयुक्त, नगरपालिका परिषद के मुख्य नगरपालिका अधिकारी और जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी भाग लेंगे। इस बैठक में विकास कार्यों की प्रगति और प्रशासनिक दक्षता पर गहन विचार-विमर्श किया जाएगा।















