बक्सर, 09 जुलाई।
आयुष्मान भारत और मुख्यमंत्री जन-आरोग्य योजना के लाभार्थियों के लिए स्वास्थ्य सेवाएं अब और भी सरल हो गई हैं। सरकार ने एआई आधारित व्हाट्सएप चैटबॉट 'आयुष्मान सारथी' को लॉन्च कर दिया है, जिससे मरीजों को घर बैठे तमाम सुविधाएं मिलेंगी।
जिला कार्यक्रम समन्वयक अभिषेक कुमार ने बताया कि यह सुविधा राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण की ओर से चौबीसों घंटे प्रदान की जाएगी। इसके माध्यम से लोग अपने आयुष्मान कार्ड की पात्रता देख सकेंगे, नया कार्ड बनवा सकेंगे, ई-केवाईसी करवा सकेंगे और आधार लिंक जैसी प्रक्रियाएं आसानी से पूरी कर पाएंगे।
यह चैटबॉट सूचीबद्ध अस्पतालों की जानकारी देने के साथ-साथ शिकायतें दर्ज करने और उनकी स्थिति जानने में भी सक्षम है। 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए आयुष्मान वय वंदन कार्ड से जुड़ी तमाम जानकारियां और आवेदन की प्रक्रिया भी अब मोबाइल पर उपलब्ध होगी।
लाभार्थी 7290823838 नंबर पर केवल "Hi" मैसेज भेजकर इन सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं। जिला प्रशासन ने सभी पात्र नागरिकों से इस आधुनिक डिजिटल सुविधा का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की है।














