नई दिल्ली, 10 जुलाई।
राजधानी में गोल्ड लोन के नाम पर करोड़ों रुपये की सुनियोजित ठगी का मामला सामने आया है। दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने एक ऐसे गिरोह का खुलासा किया है, जिसने नकली सोना गिरवी रखकर कंपनी को 3.81 करोड़ रुपये से अधिक का चूना लगाया।
इस मामले में पुलिस ने साई फिनकॉर्प प्राइवेट लिमिटेड में कार्यरत गोल्ड अप्रेज़र पंकज कुमार को गिरफ्तार किया है। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपित ने अपने साथियों के साथ मिलकर 683 फर्जी खाते तैयार किए थे।
यह धोखाधड़ी साल 2022 से 2025 के बीच अंजाम दी गई। कंपनी द्वारा कराए गए आंतरिक ऑडिट में इस फर्जीवाड़े का पता चला। ऑडिट में कंपनी के पास गिरवी रखे गए करीब 14 लाख रुपये के असली सोने के पैकेट भी गायब मिले।
आरोपित पंकज ने अपने पद का फायदा उठाकर नकली गहनों को असली बताकर लोन पास करवाए। वह फर्जी खातों में समय-समय पर ब्याज भरता रहा ताकि कंपनी को संदेह न हो।
आरोपित दिल्ली के बुद्ध विहार का रहने वाला है और लंबे समय से इसी क्षेत्र में कार्यरत था। फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की तलाश कर रही है।










.jpg)
