लातेहार, 10 जुलाई।
जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र के गुरतुर गांव में अंधविश्वास के चलते एक वृद्ध की नृशंस हत्या का मामला सामने आया है। ओझा-गुनी के शक में 65 वर्षीय केशव राम की टांगी से वार कर जान ले ली गई।
घटना के समय केशव राम अपने घर के बाहर बैठे थे। तभी सुनीता कुमारी नामक महिला वहां टांगी लेकर पहुंची और ताबड़तोड़ हमला कर दिया। मौके पर ही वृद्ध ने दम तोड़ दिया।
आरोपित महिला ने पुलिस के सामने स्वीकार किया कि उसे शक था कि मृतक ने ओझा-गुनी के जरिए उसके पिता को मारा था और अब उसे भी नुकसान पहुंचाने की साजिश रच रहा था।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गांव पहुंची। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गहन छानबीन की जा रही है और फिलहाल प्रथम दृष्टया यह अंधविश्वास का ही मामला लग रहा है।










.jpg)
