नई दिल्ली, 10 जुलाई।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को एक विशेष पत्र लिखा है। इसमें उन्होंने दक्षिण दिल्ली की महत्वपूर्ण मांडी रोड को राष्ट्रीय राजमार्ग का दर्जा देने की पुरजोर मांग की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 8.8 किलोमीटर लंबी यह सड़क दिल्ली, गुरुग्राम और फरीदाबाद को जोड़ने वाली एक रणनीतिक कड़ी है। उन्होंने इस सड़क के विकास का जिम्मा एनएचएआई को सौंपने का आग्रह किया है ताकि इसका आधुनिकीकरण हो सके।
पत्र में यूटीटीआईपीईसी की 68वीं बैठक का हवाला देते हुए बताया गया कि इस सड़क का चौड़ीकरण और व्यापक विकास समय की मांग है। इससे अंतर-राज्यीय यातायात का संचालन और अधिक सुगम हो सकेगा।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि समान इंजीनियरिंग मानकों के पालन और एकीकृत योजना के लिए एनएचएआई का हस्तक्षेप आवश्यक है। इससे यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।
उन्होंने केंद्रीय मंत्री से उम्मीद जताई है कि वे इस रणनीतिक कॉरिडोर के उन्नयन के प्रस्ताव पर सकारात्मक निर्णय लेंगे। यह पहल दिल्ली-एनसीआर में बेहतर संपर्क व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में बड़ा कदम होगी।








.jpg)
