देहरादून, 10 जुलाई।
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने अयोध्या के श्रीराम मंदिर में चढ़ावे को लेकर उठ रहे सवालों की जांच सुप्रीम कोर्ट के जज से कराने की मांग की है। उन्होंने पीएम की चुप्पी पर भी गंभीर प्रश्न खड़े किए हैं।
दो दिवसीय दौरे के समापन पर आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा के दस वर्षों के शासन में बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और पलायन जैसी चुनौतियां बढ़ गई हैं। युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है।
वेणुगोपाल ने बदरीनाथ धाम में सोने की चोरी और चढ़ावे में हुई गड़बड़ी को लेकर राज्य सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार की नीतियों के कारण आम जनता में भारी आक्रोश व्याप्त है।
प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने दावा किया कि भाजपा खुद आंतरिक गुटबाजी का शिकार है। उन्होंने धामी सरकार को कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर पूरी तरह विफल बताया और दलितों व महिलाओं की सुरक्षा पर चिंता जताई।
कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि 17 जुलाई को राहुल गांधी उत्तराखंड पहुंचेंगे। वे युवाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएंगे और कांग्रेस भ्रष्टाचार के खिलाफ अपना जन-आंदोलन तेज करेगी।










.jpg)
