मधुबनी, 10 जुलाई।
जिले के बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बगवासा गांव में डायल 112 की टीम पर जानलेवा हमला हुआ है। सब्जी विक्रेता के झगड़े की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम को एक सिरफिरे व्यक्ति के गुस्से का सामना करना पड़ा।
सुबह करीब साढ़े चार बजे मुकेश कुमार नामक सब्जी विक्रेता ने सूचना दी थी कि पड़ोसी मो. अब्दुल उस पर चाकू से हमला कर रहा है। इसी सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी।
जब पुलिस टीम आरोपित मो. अब्दुल को समझाने का प्रयास कर रही थी, तभी उसने लोहे की रॉड से सिपाही मो. सद्दाम और मो. लाल पर हमला कर दिया। इस अचानक हुए हमले में मो. सद्दाम का सिर फट गया।
सिपाही मो. सद्दाम ने अपनी जान बचाने की कोशिश में राइफल को आगे किया, तो रॉड के जोरदार प्रहार से उनकी राइफल भी टूट गई। इस हमले में मो. लाल को भी चोटें आई हैं।
पुलिस ने हमलावर मो. अब्दुल को तुरंत हिरासत में ले लिया है। घायल जवानों का उपचार कराया जा रहा है और आरोपित के खिलाफ आगे की कड़ी कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।









