रामबन, 11 जुलाई।
अमरनाथ यात्रा पर निकले तीन श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। महाराष्ट्र से आए इन तीर्थयात्रियों का 13 लाख रुपये और जरूरी दस्तावेजों से भरा बैग एक टैक्सी में छूट गया था, जिसे पुलिस ने सफलतापूर्वक बरामद कर लिया है।
श्रद्धालु बनिहाल स्थित शिविर में पहुंचने के दौरान अपना हैंडबैग टैक्सी की सीट के नीचे भूल गए थे। रविवार को उन्हें पवित्र गुफा की ओर प्रस्थान करना था, लेकिन बैग खोने से वे बेहद चिंतित थे।
मामले की जानकारी मिलते ही बनिहाल एसएचओ आशिक हुसैन लोन के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम तुरंत सक्रिय हुई। पुलिस ने सोपोर की टीम के सहयोग से उस टैक्सी और उसके चालक को खोज निकाला।
सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने पूरी नकदी और सभी महत्वपूर्ण दस्तावेज सुरक्षित रूप से यात्रियों को सौंप दिए। अपनी खोई हुई पूंजी वापस पाकर श्रद्धालुओं ने पुलिस की कार्यशैली की मुक्त कंठ से प्रशंसा की है।









