नासाउ, 11 जुलाई।
कैरिबियाई देश बहामास में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर एक भीषण विमान दुर्घटना ने खुशियों को मातम में बदल दिया है। राजधानी के निकट हुए इस हादसे में एक पायलट समेत कुल 10 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है।
यह छोटा सेसना-402 विमान नासाउ के लिंडन पिंडलिंग अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से सैन एंड्रोस के लिए उड़ान भर रहा था। लैंडिंग से कुछ क्षण पहले विमान में तकनीकी खराबी आ गई और वह झाड़ियों में जा गिरा।
प्रधानमंत्री फिलिप डेविस ने बताया कि पहले एक व्यक्ति के जीवित बचने की खबर थी, लेकिन उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान और अन्य विवरण अभी सार्वजनिक नहीं किए गए हैं।
नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने एहतियाती कदम उठाते हुए फ्लेमिंगो एयर के ऑपरेटर सर्टिफिकेट को अस्थाई रूप से निलंबित कर दिया है। मंत्रालय ने यह भी जानकारी दी कि इसी दिन एक अन्य विमान में भी तकनीकी समस्या आई थी, जो सुरक्षित लैंडिंग के बाद आग का शिकार हो गया।
फ्लेमिंगो एयर ने स्पष्ट किया है कि वे इस दुखद मामले में अधिकारियों की जांच में पूर्ण सहयोग करने को तैयार हैं। पूरे देश में इस घटना के बाद शोक की लहर दौड़ गई है।










