नोएडा, 11 जुलाई।
शहर में साइबर अपराधी पूरी तरह से बेलगाम हो गए हैं। ताजा मामला जिले के विभिन्न इलाकों का है, जहां एक साथ नौ लोगों को शिकार बनाकर कुल 69 लाख रुपये से अधिक की साइबर ठगी की गई है। पीड़ितों की शिकायत पर साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
वीरेंद्र बिष्ट को शेयर मार्केट में ट्रेडिंग का झांसा देकर 7.24 लाख रुपये ठगे गए। इसी तरह, राजकुमार के बैंक खाते से अज्ञात बदमाशों ने 8.48 लाख रुपये उड़ा लिए। वहीं सेक्टर 45 निवासी शबनम के बेटे फैजान को गेम के नाम पर फंसाकर 5.32 लाख रुपये की चपत लगाई गई।
आरती तिवारी को जीवन सुरक्षा कंपनी का कर्मी बताकर पॉलिसी के नाम पर 5.5 लाख रुपये ठगे गए। शशि सहगल के बैंक खाते से 7.49 लाख रुपये उड़ा लिए गए। मनोज कुमार पटेल ने बताया कि आरटीओ चालान का मैसेज खोलते ही उनका फोन हैक कर 14.55 लाख रुपये निकाल लिए गए।
डीसीपी ने बताया कि शंभूनाथ से 7.02 लाख, राजेश से 7.80 लाख और हेमंत कुमार शर्मा से 8.46 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई है। पुलिस की विशेष टीम इन सभी मामलों की गहन जांच में जुटी है और दोषियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।










