चित्तौड़गढ़, 11 जुलाई।
जिले में राशन गबन के दो बड़े मामलों का खुलासा हुआ है, जिसके बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। रसद विभाग की जांच में हेराफेरी पकड़े जाने पर दो उचित मूल्य दुकानदारों के लाइसेंस निरस्त कर दिए गए हैं।
शंभूपुरा क्षेत्र के गिलुण्ड स्थित दुकान की जांच में 24 हजार किलोग्राम से अधिक गेहूं का स्टॉक कम पाया गया। रिकॉर्ड में अनाज दर्ज था, लेकिन मौके पर नाममात्र का राशन ही मिला। डीलर द्वारा नोटिस का उचित जवाब न देने पर कार्रवाई की गई।
वहीं, चिकसी स्थित राशन दुकान पर भी गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। यहां डीलर उपभोक्ताओं के घर जाकर अंगूठे लगवा लेता था, लेकिन उन्हें राशन नहीं देता था। रिकॉर्ड में 232.95 क्विंटल गेहूं गायब मिला है।
इन दोनों डीलरों ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली के नियमों का गंभीर उल्लंघन किया है। पुलिस ने आवश्यक वस्तु अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर मामले में विस्तृत अनुसंधान शुरू कर दिया है।










