रायपुर, 11 जुलाई।
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां शुरू हो गई हैं। मुख्य सचिव विकासशील ने शुक्रवार देर शाम मंत्रालय में एक उच्चस्तरीय बैठक बुलाई और आयोजन की रूपरेखा तय की।
मुख्य कार्यक्रम पुलिस परेड ग्राउंड में सुबह 9 बजे से आयोजित होगा। बैठक में विभिन्न विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। परेड की व्यवस्था छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के जिम्मे होगी, वहीं सुरक्षा और यातायात का जिम्मा रायपुर पुलिस को सौंपा गया है।
कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, मंच निर्माण और बैठक की तमाम व्यवस्थाएं रायपुर नगर निगम देखेगा। स्कूली बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की जिम्मेदारी शिक्षा और संस्कृति विभाग को दी गई है, जिनके पूर्वाभ्यास की निगरानी रायपुर कलेक्टर करेंगे।
इस बार वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने का विशेष महत्व है। इसे देखते हुए 7 से 15 अगस्त तक सभी सरकारी कार्यक्रमों में अनिवार्य रूप से वंदे मातरम् का गायन किया जाएगा। संस्कृति विभाग इसके लिए दिशा-निर्देश जारी करेगा।
जिला और तहसील स्तर पर होने वाले आयोजनों के लिए सामान्य प्रशासन विभाग जल्द ही विस्तृत गाइडलाइन जारी करेगा। बैठक में शासन के कई आला अधिकारी और संबंधित विभागों के वरिष्ठ प्रतिनिधि मौजूद रहे।










