शिमला, 11 जुलाई।
कोटखाई थाना पुलिस ने सात साल पुराने एक चोरी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे एक उद्घोषित अपराधी को धर दबोचा है। आरोपी जमानत मिलने के बाद से लगातार अदालत से नदारद था।
यह मामला वर्ष 2019 में दर्ज हुआ था, जिसमें गांव छोल स्थित एक मकान के ताले तोड़कर नकदी और आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया गया था। उस समय पुलिस ने अक्षु राक्टा को गिरफ्तार किया था और चोरी का सामान भी बरामद किया था।
न्यायालय में मुकदमा चलने के दौरान आरोपी जेल से बाहर आने के बाद वापस नहीं लौटा। बार-बार पेशी पर नहीं आने के कारण अदालत ने पिछले साल उसे भगोड़ा घोषित कर दिया था।
पुलिस फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चला रही है। इसी क्रम में कोटखाई पुलिस ने दबिश देकर आरोपी को फिर से गिरफ्तार कर लिया है। अब उसे दोबारा अदालत में पेश किया जा रहा है।
पुलिस के आला अधिकारियों का कहना है कि जिले में सक्रिय सभी फरार आरोपियों के खिलाफ यह सख्त कार्रवाई का अभियान अनवरत जारी रहेगा।










