सीवान, 11 जुलाई।
सीवान के पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने कानून-व्यवस्था को लेकर कड़ा रुख अपना लिया है। अपराध पर नकेल कसने के लिए उन्होंने सभी थानाध्यक्षों को सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
जिला मुख्यालय में आयोजित अपराध गोष्ठी में एसपी ने हत्या और आर्म्स एक्ट जैसे संगीन मामलों में स्पीडी ट्रायल कराकर अपराधियों को जल्द सजा दिलाने पर जोर दिया। उन्होंने फरार अभियुक्तों की सूची अपडेट करने के निर्देश दिए हैं।
असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सीसीए और निरोधात्मक कार्रवाई करने के साथ ही अपराध से अर्जित संपत्ति की जब्ती का प्रस्ताव भेजने को कहा गया है। लंबित कांडों और 60-90 दिनों के भीतर चार्जशीट दाखिल करने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश हैं।
एसपी ने थानों में आने वाले फरियादियों के साथ शालीन व्यवहार करने और पैदल गश्ती को प्रभावी बनाने को कहा है। इसके अलावा साइबर अपराध की रोकथाम और जनता में जागरूकता फैलाने के लिए भी रणनीति बनाई गई है।
गोष्ठी में जिले में अब तक की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई। इस दौरान मादक पदार्थों के निस्तारण और लंबित मामलों के निपटारे में मिली सफलता पर भी चर्चा की गई।
बेहतरीन कार्य प्रदर्शन के लिए नगर थानाध्यक्ष अविनाश कुमार को एसएचओ ऑफ द मंथ चुना गया है। इसके अलावा, चार अन्य पुलिस अनुसंधानकर्ताओं को उनके सराहनीय कार्य के लिए प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।










