शिमला, 11 जुलाई।
राजधानी के बालूगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। चौड़ा मैदान इलाके में एक मकान पर छापा मारकर पुलिस ने भारी मात्रा में अफीम और नकदी बरामद की है।
स्पेशल सेल को गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त मकान में अवैध गतिविधियों को अंजाम दिया जा रहा है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर घर की तलाशी ली, जहां से 991 ग्राम नशीला पदार्थ और दो इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीनें मिलीं।
छापेमारी के दौरान मौके से 2 लाख 12 हजार रुपये की नकदी भी जब्त की गई है। पुलिस ने इस संबंध में सुरिन्द्र सिंह नामक व्यक्ति को मौके पर गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम की धारा 18 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है।










