तेहरान, 11 जुलाई।
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची शनिवार को ओमान के दौरे पर जाने वाले हैं। इस उच्च-स्तरीय राजनयिक यात्रा के दौरान होर्मुज जलडमरूमध्य की स्थिति और क्षेत्रीय घटनाक्रमों पर मुख्य रूप से चर्चा की जाएगी।
अराघची का यह दौरा ऐसे नाजुक समय में हो रहा है जब कूटनीतिक प्रयास गतिरोध का सामना कर रहे हैं। इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एमओयू को समाप्त घोषित कर दिया है, हालांकि उन्होंने बातचीत का दरवाजा खुला रखा है।
ईरान ने अमेरिका पर परमाणु कार्यक्रम से संबंधित समझौते के उल्लंघन का आरोप लगाया है। अराघची ने सोशल मीडिया पर स्पष्ट किया कि ईरान ने अपने वचनों का पालन किया है, लेकिन अमेरिका लगातार समझौते की शर्तों की अनदेखी कर रहा है।
ईरान के मुख्य वार्ताकार मोहम्मद बाकिर गालिबाफ ने भी अमेरिका पर अविश्वास जताते हुए कहा कि उनका देश किसी भी स्थिति में अपनी 'पूर्ण रक्षा' के लिए मुस्तैद है। ईरान का दावा है कि अमेरिका नए प्रतिबंध लगाकर समझौते की शर्तों को तोड़ रहा है।
क्षेत्र में तनाव का केंद्र बने होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर ईरान अपना नियंत्रण जताता रहा है। इसी सप्ताह वहां जहाजों पर हुई गोलीबारी और उसके जवाब में हुई सैन्य कार्रवाई के बाद स्थिति और भी तनावपूर्ण बनी हुई है।










