नोएडा, 11 जुलाई।
लोन के नाम पर लोगों की गाढ़ी कमाई लूटने वाले एक कॉल सेंटर का नोएडा पुलिस ने भांडाफोड़ किया है। सेक्टर दो स्थित डी-ब्लॉक में चल रहे इस फर्जीवाड़े का शनिवार को पर्दाफाश हुआ।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पवन कुमार, मोहित, हर्ष शर्मा, स्वाती और प्रीति को गिरफ्तार किया है। ये लोग कॉलिंग डेटा शीट के माध्यम से लोगों को फोन करते थे और ठगी का शिकार बनाते थे।
छापेमारी के दौरान पुलिस को मौके से लैपटॉप, पांच मोबाइल फोन, चेक बुक, इंटरनेट राउटर और बिलिंग बुक बरामद हुई है। आरोपी बड़ी चालाकी से लोगों को लोन का झांसा देते थे।
पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे लोन दिलाने का वादा कर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करते थे। पुलिस अब बरामद सामान और डेटा शीट की गहन जांच कर रही है।









