राजौरी, 11 जुलाई।
जिले के दरहाल क्षेत्र के ऊपरी पहाड़ी इलाकों में शुक्रवार देर शाम एक भालू के खौफनाक हमले ने बुजुर्ग की जान ले ली। मृतक की पहचान ढोक जंगवाला, पंज काठा निवासी 68 वर्षीय मोहम्मद अमीन के रूप में की गई है। जंगली जानवर के अचानक झपटने से बुजुर्ग को संभलने का मौका तक नहीं मिला और घटनास्थल पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
प्रशासनिक अधिकारियों ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बुजुर्ग अपने रोजमर्रा के काम के सिलसिले में इलाके के ऊंचाई वाले हिस्सों में मौजूद थे। इसी दौरान भालू ने उन पर घातक हमला कर दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने संज्ञान लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। इस अनहोनी के बाद स्थानीय निवासियों में भारी दहशत का माहौल बना हुआ है। प्रशासन अब मामले की जांच कर रहा है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।








