दरंग, 11 जुलाई।
असम के दरंग जिले के सिपाझार इलाके में शनिवार को चोरी की एक बड़ी वारदात ने व्यापारियों के होश उड़ा दिए हैं। बरदौलगुड़ी में चोरों ने दुस्साहस दिखाते हुए एक मोबाइल दुकान की छत काटकर चोरी की घटना को अंजाम दिया।
चोरों ने ‘मा इलेक्ट्रॉनिक्स’ दुकान को अपना निशाना बनाया। वे छत के रास्ते अंदर दाखिल हुए और 30 से अधिक महंगे मोबाइल फोन समेत कई कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
सुबह जब दुकान मालिक ने शटर खोला तो नजारा देखकर दंग रह गए। दुकान के अंदर सामान पूरी तरह बिखरा हुआ था और कीमती फोन्स गायब थे।
दुकानदार की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों की पहचान की जा सके।
इस बड़ी चोरी के बाद स्थानीय व्यापारियों में भारी रोष है। व्यापारियों ने पुलिस से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को सख्त करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अज्ञात आरोपियों की धरपकड़ के लिए अभियान तेज कर दिया है। जल्द गिरफ्तारी का भरोसा भी दिलाया गया है।










