पटना, 11 जुलाई।
बिहार में सक्रिय मानसून ने राजधानी की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। शुक्रवार रात से जारी मूसलाधार बारिश के कारण पटना के निचले इलाकों में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई है, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार, बीते घंटों में अनीसाबाद इलाके में 46.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। अगले 24 घंटों के भीतर शहर में कुल 75 से 85 मिमी तक वर्षा होने का अनुमान जताया गया है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम आयुक्त ने सड़कों पर उतरकर खुद हालात का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को जल निकासी के प्रबंधों को पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त रखने के सख्त निर्देश दिए हैं।
शहर में जल निकासी के लिए 19 क्विक रिस्पॉन्स टीमें तैनात की गई हैं। फील्ड पर 3 अपर नगर आयुक्त और 2 डीएमसी समेत सभी कार्यकारी अभियंता लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
हज भवन के पास गिरे पेड़ को हटाकर निगम की टीम ने यातायात बहाल किया। इसके अलावा, बुडको द्वारा पंप हाउसों और मुख्य नालों की 24 घंटे डिजिटल मॉनिटरिंग की जा रही है।
शहर में जलजमाव को खत्म करने के लिए कुल 364 पंप सक्रिय किए गए हैं। इनमें 265 इलेक्ट्रिक और 99 डीजल पंप शामिल हैं, जो 56 स्थाई और 35 अस्थाई डीपीएस के जरिए पानी निकालने का काम कर रहे हैं।










