सारण, 14 जुलाई।
इसुआपुर थाना के प्रभारी और पुलिस अवर निरीक्षक गौरव कुमार पर बड़ी गाज गिरी है। कर्तव्यों के प्रति घोर लापरवाही और अनुशासनहीनता के गंभीर आरोपों में उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह सख्त कदम मढ़ौरा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी की जांच रिपोर्ट के बाद उठाया गया है।
जांच में सामने आया कि गौरव कुमार ने मंदिर चोरी के एक मामले की जानकारी अपने वरिष्ठ अधिकारियों को समय पर नहीं दी थी। इसके अलावा, एक औचक निरीक्षण के दौरान थाना परिसर में तीन लोगों को बिना किसी कानूनी प्रक्रिया या प्राथमिकी के 24 घंटे से अधिक समय तक हिरासत में रखे जाने का मामला उजागर हुआ, जिसे नियमों का सीधा उल्लंघन माना गया है।
निलंबन की अवधि के दौरान आरोपित अधिकारी का मुख्यालय पुलिस केंद्र, सारण निर्धारित किया गया है। साथ ही, उनके विरुद्ध विभागीय कार्यवाही शुरू कर दी गई है। उच्च अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि पुलिस सेवा में अनुशासनहीनता और कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।















