
अररिया, 14 जुलाई।
भरगामा थाना क्षेत्र के सिरसिया हनुमानगंज में एक भीषण सड़क हादसे में तीन महिला मजदूरों की जान चली गई। धान की रोपनी के लिए जा रहे मजदूरों से भरा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पानी से भरे गड्ढे में पलट गया, जिससे मौके पर ही अफरा-तफरी मच गई।
हादसे का कारण ट्रैक्टर का ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है। दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर पर सवार सभी मजदूर गाड़ी के नीचे दब गए। ग्रामीणों ने मौके पर पहुँचकर कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया।
घटनास्थल पर ही दो महिलाओं ने दम तोड़ दिया, वहीं एक अन्य महिला की मौत अस्पताल में उपचार के दौरान हुई। मृतकों की पहचान मीरा देवी, नैया देवी और रंजू देवी के रूप में हुई है।
इस दुर्घटना में एक दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं। इनमें से छह गंभीर रूप से जख्मी मजदूरों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है, जबकि अन्य का उपचार स्थानीय अस्पतालों में चल रहा है।
सूचना मिलते ही एसडीपीओ और स्थानीय पुलिस बल घटनास्थल पर पहुँचा। प्रशासन ने तीन मौतों की पुष्टि की है और पुलिस अधिकारी मामले की गहन तफ्तीश में जुट गए हैं।
















