बलौदाबाजार, 14 जुलाई।
जिले में मानसून के दौरान बड़े पैमाने पर पौधरोपण अभियान चलाने की तैयारी है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने बैठक में सभी जनपद पंचायतों को इसके लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का लक्ष्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ जिले में हरियाली का दायरा बढ़ाना है।
कलेक्टर ने राशन कार्ड बनवाने की प्रक्रिया को लेकर बड़ी राहत दी है। अब आवेदकों को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे, क्योंकि राशन कार्ड की सुविधा 'सेवा सेतु' पोर्टल के जरिए ऑनलाइन उपलब्ध करा दी गई है। इससे प्रक्रिया पारदर्शी और तेज होगी।
मुक्तिधामों की स्थिति को लेकर भी प्रशासन सख्त है। कलेक्टर ने जनपद सीईओ को आदेश दिया है कि जिन ग्राम पंचायतों में मुक्तिधाम निर्माण, मरम्मत या शेड का काम बाकी है, वहां तत्काल प्रस्ताव तैयार कर निर्माण कार्य सुनिश्चित किया जाए। इसमें किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस दौरान 'हम होंगे कामयाब' पोर्टल के माध्यम से चयनित 10 युवाओं को नियुक्ति पत्र भी सौंपे गए। कार्यक्रम में राजस्व प्रकरणों, स्वामित्व कार्ड, मुख्यमंत्री जनदर्शन और नगर पालिकाओं में स्वच्छता कार्यों की भी समीक्षा की गई। बैठक में जिला स्तरीय प्रशासनिक अधिकारी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

















