अम्बिकापुर, 15 जुलाई।
शहर के कन्या परिसर रोड स्थित बाल संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। मंगलवार की रात यहाँ से 13 अपचारी बालक दरवाजा तोड़कर और अहाता फांदकर फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। गांधीनगर थाना पुलिस ने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और शहर के सभी संवेदनशील इलाकों में नाकेबंदी कर दी है। बच्चों की तलाश के लिए टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।
हैरानी की बात यह है कि एक महीने के भीतर यह दूसरी और इस साल की तीसरी बड़ी घटना है। पिछली घटनाओं के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने सुरक्षा के कड़े निर्देश दिए थे, लेकिन उन पर कोई ठोस अमल नहीं हुआ, जिसका खामियाजा अब सामने है।
संप्रेक्षण गृह की प्रभारी अधिकारी शमा नूरी के अनुसार, एक पूर्व में भागे बच्चे ने ही पूरी साजिश रची थी। उन्होंने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक से नगर सैनिकों की संख्या बढ़ाने का निवेदन किया गया है।
फिलहाल, पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि भागने के तरीके का पता चल सके। सभी संबंधित विभागों को इस बड़ी चूक की सूचना दे दी गई है और फरार बच्चों की सरगर्मी से खोज जारी है।















