कबीरधाम, 15 जुलाई।
केंद्र सरकार की विकसित भारत जी राम जी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन का जायजा लेने ग्रामीण विकास मंत्रालय की एक विशेष टीम कबीरधाम जिले पहुंची है। संयुक्त सचिव पीके शर्मा और अवर सचिव राहुल कुमार श्रीवास्तव ने दो दिवसीय प्रवास के दौरान विभिन्न निर्माण कार्यों का सूक्ष्म निरीक्षण किया।
जिला पंचायत सीईओ अभिषेक अग्रवाल ने केंद्रीय दल को योजना की प्रगति और ग्राम पंचायतों में चल रही तैयारियों के बारे में विस्तार से अवगत कराया। बैठक के दौरान मजदूरी भुगतान की समय-सीमा, रोजगार गारंटी, और ऑनलाइन एनएमएमएस हाजिरी जैसे अहम बिंदुओं पर गहन चर्चा हुई।
टीम ने रेंगाखारखुर्द में आंगनबाड़ी भवन की गुणवत्ता परखी और चिखली में मछली पालन से मिलने वाले लाभों का अवलोकन किया। पोड़ी गांव में बोरवेल रिचार्ज पिट और निजी डबरी निर्माण के निरीक्षण के दौरान हितग्राहियों ने बताया कि सिंचाई सुविधा बढ़ने से उनकी आय के साधन मजबूत हुए हैं।
बोड़ला जनपद के राजानवागांव में केंद्रीय अधिकारियों ने ग्रामीणों और स्व-सहायता समूह की महिलाओं के साथ संवाद किया। उन्होंने ग्राम विकास, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और जल संवर्धन पर जोर देते हुए लोगों के सवालों के जवाब भी दिए।
नेउरगांवखुर्द में अधिकारियों ने विकसित भारत उद्यान का निरीक्षण किया और 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत पौधारोपण किया। केंद्रीय टीम ने जिले में रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में कबीरधाम के अग्रणी रहने पर संतोष व्यक्त किया और भविष्य के लिए दिशा-निर्देश जारी किए।















