मरवाही, 15 जुलाई।
जिले में अवैध खनिज के कारोबार पर खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। सीएम हेल्पलाइन पर मिली शिकायतों के बाद विभाग ने विशेष अभियान चलाकर रेत और गिट्टी से भरे छह ट्रैक्टरों को जब्त किया है।
कलेक्टर के निर्देश पर गठित उड़नदस्ता दल ने कोलबिर्रा, रुमगा, खंता, पिपरिया और सधवानी क्षेत्रों में छापेमारी की। मौके पर ही अवैध परिवहन में लगे वाहनों को पकड़ लिया गया। सभी छह ट्रैक्टरों को नियमानुसार विभाग की निगरानी में ले लिया गया है।
विभाग ने वाहन मालिकों के खिलाफ खनिज अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है। नियमानुसार जुर्माना और समझौता राशि जमा करने के बाद ही वाहनों को मुक्त करने की बात कही गई है।
जिला प्रशासन ने अवैध उत्खनन पर नकेल कसने के लिए निगरानी बढ़ा दी है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि शिकायतों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करें ताकि सरकारी राजस्व की हानि न हो।
प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि वे अवैध खनिज गतिविधियों की सूचना तत्काल विभाग को दें। इससे प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में मदद मिलेगी। इस कार्रवाई में विभागीय टीम की सक्रिय भूमिका रही।















