टॉप न्यूज़
15 Jul, 2026

MP की पहली अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू, CM ने इंदौर-आबू धाबी फ्लाइट को किया रवाना

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर से आबू धाबी के लिए मध्य प्रदेश की पहली सीधी अंतरराष्ट्रीय उड़ान को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जिससे प्रदेश के व्यापार, पर्यटन और निवेश को नई गति मिलने की उम्मीद है।

इंदौर, 15 जुलाई।

मध्य प्रदेश ने अंतरराष्ट्रीय विमानन क्षेत्र में नया अध्याय जोड़ते हुए अपनी पहली अंतरराष्ट्रीय उड़ान का शुभारंभ कर दिया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार शाम देवी अहिल्याबाई होल्कर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से इंदौर-आबू धाबी डायरेक्ट फ्लाइट को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस नियमित उड़ान की पहली यात्रा में 100 यात्री आबू धाबी के लिए रवाना हुए। फिलहाल यह सेवा सप्ताह में चार दिन सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार को संचालित होगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इंदौर-आबू धाबी की सीधी हवाई सेवा केवल दो शहरों को ही नहीं, बल्कि दो मित्र देशों, दो समृद्ध संस्कृतियों और नई संभावनाओं को भी जोड़ने का कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि यह सेवा मध्य प्रदेश में व्यापार, पर्यटन, निवेश और वैश्विक संपर्क को नई गति देगी।

उन्होंने बताया कि पहले इंदौर से आबू धाबी पहुंचने में करीब आठ घंटे का समय लगता था, लेकिन अब सीधी उड़ान के जरिए यह दूरी केवल तीन घंटे 15 मिनट में पूरी हो सकेगी। मुख्यमंत्री ने यात्रियों को बोर्डिंग पास भी वितरित किए। इस मार्ग का संचालन टाटा समूह की एयर इंडिया एक्सप्रेस कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने मध्य प्रदेश नागरिक विमानन नीति-2025 लागू की है। इसी नीति के तहत प्रदेश की पहली अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू की गई है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने प्रदेश के विभिन्न शहरों के बीच हवाई सेवाओं और पीएमश्री हेली सेवा की भी शुरुआत की है। वर्तमान में रीवा से इंदौर, रीवा से दिल्ली और रीवा से रायपुर के लिए हवाई सेवाएं संचालित हो रही हैं। आने वाले समय में जबलपुर-कोलकाता, भोपाल-रीवा, भोपाल-पटना और रीवा-कोलकाता के बीच भी उड़ानें शुरू की जाएंगी। धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पीएमश्री हेली सेवा तथा जरूरतमंदों के लिए पीएमश्री एयर एंबुलेंस सेवा भी शुरू की गई है।

उन्होंने कहा कि नई विमानन नीति के तहत अंतरराष्ट्रीय उड़ान के संचालन के लिए राज्य सरकार प्रति उड़ान लगभग 15 लाख रुपये की वायबिलिटी गैप फंडिंग उपलब्ध कराएगी। इससे इस मार्ग पर यात्रियों के हवाई किराये का भार भी लगभग आधा रह जाएगा। घरेलू नए हवाई मार्गों के लिए भी अधिकतम 10 लाख रुपये तक की वायबिलिटी गैप फंडिंग का प्रावधान किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में हवाई आधारभूत संरचना का तेजी से विस्तार हो रहा है। पिछले ढाई वर्षों में तीन नए एयरपोर्ट शुरू किए गए हैं, जबकि उज्जैन और शिवपुरी में दो नए एयरपोर्ट निर्माणाधीन हैं। आगामी वर्षों में मध्य प्रदेश के 10 बड़े शहर एयरपोर्ट कनेक्टिविटी से जुड़ेंगे। प्रदेश में प्रत्येक 100 किलोमीटर के दायरे में कमर्शियल एयरपोर्ट या एयरस्ट्रिप तथा प्रत्येक 45 किलोमीटर के दायरे में एक हेलीपैड विकसित करने की योजना है। सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में स्थायी हेलीपैड बनाने का भी प्रस्ताव है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि संयुक्त अरब अमीरात की प्रशासनिक राजधानी आबू धाबी से इंदौर का सीधा हवाई संपर्क प्रदेश के उद्योग, व्यापार, शिक्षा, चिकित्सा, पर्यटन और प्रवासी भारतीयों के लिए बेहद लाभकारी होगा। इससे यात्रियों का समय बचेगा, आवागमन आसान होगा और मध्य प्रदेश तथा यूएई के बीच आर्थिक एवं सांस्कृतिक संबंध और मजबूत होंगे। साथ ही निवेश, रोजगार और पर्यटन को भी नई गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि इंदौर-आबू धाबी की नियमित अंतरराष्ट्रीय सेवा मध्य प्रदेश और इंदौर की वैश्विक पहचान को और मजबूत करेगी। यह सेवा प्रदेश को अंतरराष्ट्रीय व्यापार और पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगी। कार्यक्रम को सांसद शंकर लालवानी ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, विधायक मालिनी गौड़, विधायक गोलू शुक्ला, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, एयरपोर्ट प्राधिकरण के अधिकारी तथा यात्री उपस्थित रहे।

|
आज का राशिफल

मन प्रसन्न बना रहेगा। अचल संपत्ति की खरीद अथवा कृषि उद्यम में रुचि पैदा होगी। परिवार के साथ मनोरांजनिक स्थल की यात्रा होगी। आपसी प्रेम-भाव में बढ़ोतरी होगी। भविष्य की योजनाओं पर विचार विमर्श होगा। अपनों का सहयोग प्राप्त होगा। सभी का सहयोग मिलेगा। शुभांक-1-3-5

आज का मौसम

भोपाल

25° / 33°

Partly sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़