कांकेर, 15 जुलाई।
छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित कांकेर-नारायणपुर सीमा पर सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। कोयलीबेड़ा थाना क्षेत्र के दुर्गम जंगलों में चलाए गए एक सघन सर्च ऑपरेशन के दौरान जवानों ने नक्सलियों के एक बड़े डंप का भंडाफोड़ किया है।
कांकेर पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने बताया कि हेटारकसा, पल्लाहूर और जपमारका गांवों के पास छिपाई गई भारी मात्रा में नक्सल सामग्री बरामद की गई है। इसमें घातक हथियारों से लेकर भारी विस्फोटक उपकरण तक शामिल हैं।
जवानों को मौके से 303 रायफल मैगजीन, बीजीएल लॉन्चर, एके-47 और एसएलआर की गोलियों के साथ 10 बीजीएल सेल मिले हैं। इसके अलावा करीब 3 किलोग्राम का टिफिन आईईडी और पाइप बम भी बरामद किए गए हैं।
सुरक्षा की दृष्टि से बम निरोधक दस्ते ने मौके पर ही सभी विस्फोटकों को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया। नक्सलियों की मंशा किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की थी, लेकिन जवानों की सतर्कता ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया।
इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षाबलों का सर्चिंग अभियान लगातार जारी है। पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में भी ऐसी कार्रवाई पूरी मुस्तैदी के साथ जारी रहेगी ताकि माओवादियों की गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके।
















