किशनगंज, 15 जुलाई।
आगरा कैंट स्टेशन पर ड्यूटी पर तैनात स्टेशन मास्टर के साथ आरपीएफ कर्मियों द्वारा की गई बदसलूकी और मारपीट का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस घटना के विरोध में बुधवार को किशनगंज रेलवे स्टेशन पर कर्मचारियों ने कैंडल मार्च निकालकर जोरदार प्रदर्शन किया।
ऑल इंडिया स्टेशन मास्टर एसोसिएशन के बैनर तले एकत्रित हुए रेल कर्मियों ने घटना की कड़े शब्दों में निंदा की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि ऑन-ड्यूटी कर्मचारी के साथ ऐसा व्यवहार न केवल अपमानजनक है, बल्कि यह पूरे विभाग के लिए शर्मनाक है।
कर्मचारियों ने रेलवे प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि पीड़ित स्टेशन मास्टर को तुरंत न्याय मिलना चाहिए ताकि भविष्य में किसी भी कर्मी को इस तरह के दुर्व्यवहार का शिकार न होना पड़े।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो रेल कर्मी बड़े आंदोलन पर उतरने को मजबूर होंगे। उन्होंने साफ कहा कि रेलवे जैसी सेवा में कर्मचारियों की सुरक्षा और सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
किशनगंज शाखा सचिव सुनील मोहन झा के नेतृत्व में आयोजित इस मार्च में बड़ी संख्या में रेल कर्मी शामिल हुए। सभी ने एक स्वर में अपनी सुरक्षा और गरिमा को सुनिश्चित करने की मांग बुलंद की है।















