हैदराबाद, 22 जुलाई।
हैदराबाद के नामपल्ली इलाके में बुधवार को भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के आमने-सामने आने से तनाव की स्थिति बन गई। दोनों दलों की अलग-अलग रैलियों के दौरान नारेबाजी तेज होने पर पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया और कई नेताओं व कार्यकर्ताओं को एहतियातन हिरासत में लिया।
कांग्रेस नेताओं ने नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर सीपीजे के प्रदर्शन के समर्थन में नामपल्ली स्थित गांधी भवन से सोमाजीगुड़ा के लोक भवन तक रैली निकाली। दूसरी ओर भाजपा ने अपने प्रदेश मुख्यालय से गांधी भवन तक जवाबी प्रदर्शन किया। भाजपा का प्रदर्शन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास के बाहर हुए प्रदर्शन को लेकर राहुल गांधी समेत अन्य कांग्रेस नेताओं के विरोध में आयोजित किया गया था।
दोनों दलों के कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां लेकर एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी करने लगे, जिससे नामपल्ली क्षेत्र में तनाव बढ़ गया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने दोनों पक्षों को रोकने का प्रयास किया और कई लोगों को एहतियातन हिरासत में लिया।
पुलिस के अनुसार गांधी भवन के पास भाजपा कार्यकर्ताओं ने परिसर में प्रवेश करने की कोशिश की, जिसके बाद स्थिति नियंत्रण से बाहर होने लगी। हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया।
लाठीचार्ज के बाद भगदड़ और पत्थरबाजी की घटनाएं भी हुईं, जिसमें कई लोग घायल हो गए। घायलों में एक निजी टीवी चैनल का कैमरामैन भी शामिल है। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया।











