भोपाल, 22 जुलाई।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों को समझना और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाना प्रत्येक जागरूक नागरिक की पहचान है। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही देश के उज्ज्वल भविष्य के निर्माता हैं और उन्हें लोकतांत्रिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली से परिचित कराना समय की आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री बुधवार को मध्य प्रदेश विधानसभा के समिति कक्ष क्रमांक-1 में विधानसभा का भ्रमण करने आए विद्यार्थियों से संवाद कर रहे थे। इस दौरान आगर-मालवा जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 50 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों तथा स्टेम फील्ड इंटरनेशनल स्कूल, जबलपुर के 40 विद्यार्थियों ने उनसे सौजन्य भेंट की।
डॉ. यादव ने कहा कि सरकार कैसे कार्य करती है, कानून कैसे बनाए जाते हैं और संसदीय परंपराएं किस प्रकार संचालित होती हैं, इसे समझने के लिए विधानसभा सबसे उपयुक्त स्थान है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के विकास में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से विधानसभा भ्रमण के अनुभव भी साझा करने को कहा। विद्यार्थियों ने बताया कि पहली बार विधानसभा के मानसून सत्र की कार्यवाही को निकट से देखने और संसदीय लोकतंत्र की कार्यप्रणाली को समझने का अवसर उनके लिए प्रेरणादायी और यादगार अनुभव रहा।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों की प्रतिभा, सृजनशीलता और नवाचार की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने युवाओं से शिक्षा के साथ सामाजिक और राष्ट्रीय दायित्वों के प्रति भी सजग रहने का आह्वान किया।
उल्लेखनीय है कि आगर के विधायक माधव सिंह (मधु गहलोत) तथा जबलपुर कैंट के विधायक अशोक रोहाणी के मार्गदर्शन में भोपाल पहुंचे विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को अपने हाथों से तैयार किए गए विभिन्न मॉडल और आकर्षक सीनरी भी भेंट की।










