भोपाल, 22 जुलाई।
राजधानी के रातीबड़ थाना क्षेत्र में स्थित कलियासोत डैम के पास एक 37 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटका मिला। मृतक की पहचान रामश्रवण पटेल के रूप में हुई है, जो पेशे से शेफ थे। मौके से एक कथित सुसाइड नोट मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, नीलबड़ स्थित बृजधाम कॉलोनी निवासी रामश्रवण पटेल मंगलवार दोपहर काम पर जाने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। बाद में टेरा शटर क्षेत्र में उनका शव पेड़ से लटका मिला। घटनास्थल पर उनकी मोटरसाइकिल भी खड़ी मिली।
जांच के दौरान पुलिस को मृतक की जेब से एक कथित सुसाइड नोट मिला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नोट में घर बनाने के लिए लिए गए कर्ज और उसकी वसूली को लेकर मानसिक तनाव तथा प्रताड़ना का उल्लेख किया गया है। पुलिस ने नोट को जांच के लिए सुरक्षित रख लिया है और उसकी हैंडराइटिंग का सत्यापन कराया जाएगा।
परिजनों का आरोप है कि कर्ज चुकाने के बावजूद मृतक पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था। परिवार का कहना है कि आर्थिक परेशानी के चलते उन्होंने घरेलू आभूषण तक गिरवी रख दिए थे, लेकिन वसूली का दबाव कम नहीं हुआ। परिजनों ने यह भी दावा किया कि कुछ दिन पहले मृतक ने आत्महत्या का प्रयास किया था।
रातीबड़ पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले में कॉल डिटेल, वित्तीय लेन-देन और सुसाइड नोट में किए गए उल्लेखों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।










