अनूपपुर, 22 जुलाई।
अनूपपुर जिले की पवित्र नगरी अमरकंटक को हरित एवं प्रदूषण मुक्त बनाने के उद्देश्य से 'अमृत हरित महा अभियान' के तहत बुधवार को नगर परिषद अमरकंटक ने वृहद पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया। वार्ड क्रमांक-4 स्थित टीसीपीसी परिसर में करीब 3 हजार फलदार और छायादार पौधे लगाए गए।
कार्यक्रम में राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रामलाल रौतेल, कलेक्टर हर्षल पंचोली तथा अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) वसीम अहमद भट्ट सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर अतिथियों ने आम का पौधा लगाते हुए नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है।
अभियान के तहत आम, अशोक, जामुन, कटहल, आंवला और गुलमोहर सहित लगभग तीन हजार पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम में पौधों की नियमित सिंचाई, सुरक्षा और देखभाल सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया, ताकि लगाए गए पौधे विकसित होकर क्षेत्र के हरित आवरण को समृद्ध कर सकें।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों और नगरवासियों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। सभी ने पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने का संकल्प लेते हुए जनसहभागिता से ऐसे अभियानों को सफल बनाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी चैन सिंह परस्ते, जनप्रतिनिधि, शिक्षक, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।










