बलिया, 22 जुलाई।
उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के सुखपुरा थाना क्षेत्र के देवकली में बुधवार सुबह करीब नौ बजे कचहरी से घर लौट रहे एक 45 वर्षीय युवक पर अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने हमला कर दिया। बदमाशों ने युवक की पीठ में चाकू घोंप दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद ट्रॉमा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, सुखपुरा थाना क्षेत्र के जीराबस्ती निवासी रितेश तिवारी अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान देवकली के पास पीछे से आए अज्ञात बाइक सवार ने उनकी पीठ में चाकू मार दिया, जिससे वह घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने खून से लथपथ रितेश को जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद ट्रॉमा सेंटर वाराणसी भेज दिया। घायल युवक ने आरोप लगाया कि उसके मामले में स्थानीय पुलिस की लापरवाही के कारण यह घटना हुई।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) संजय वर्मा ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में दोनों पक्षों के बीच पहले से भूमि विवाद होने की बात सामने आई है। आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम सक्रिय है तथा नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।










