इस्लामाबाद, 23 जुलाई।
पाकिस्तान के बलोचिस्तान में सुरक्षाबलों की कार्रवाई में विद्रोहियों के मारे जाने के बाद हालात और तनावपूर्ण हो गए। इसके बाद हुए एक विस्फोट में पुल को क्षति पहुंचाई गई और प्रशासन ने कई इलाकों में कर्फ्यू लागू कर दिया। सेना के जनसंपर्क विभाग के अनुसार, सुरक्षाबलों ने मस्तुंग और सोराब जिलों में 10 हथियारबंद लोगों को मार गिराया।
बुधवार शाम मस्तुंग जिले के खाद स्ट्रीट स्थित अंगिरी क्रॉस के पास क्वेटा-कराची मुख्य राजमार्ग पर बने पुल को अज्ञात हथियारबंद लोगों ने निशाना बनाया। धमाके में पुल क्षतिग्रस्त हो गया, जिसके बाद क्वेटा-कराची हाइवे पर यातायात रोक दिया गया। हाल के दिनों में बलोचिस्तान में कई पुलों पर इस तरह के हमले किए जा चुके हैं। सोराब, कलात और खुजदार में भी पुलों को नुकसान पहुंचाया गया है।
घटना के बाद बलोचिस्तान सरकार ने बुधवार रात आठ बजे से मस्तुंग की खड़कोचा उप-तहसील में कर्फ्यू लागू करने की घोषणा की। मुनादी कर लोगों को घरों से बाहर नहीं निकलने की चेतावनी दी गई। प्रशासन ने कहा कि कर्फ्यू का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। नुश्की और खुजदार जिले की तहसील ज़हरी में पहले से कई महीनों से कर्फ्यू लागू है। जिउनी में भी कर्फ्यू जारी है।
इससे पहले सेना ने दावा किया था कि पिछले 48 घंटों के दौरान सोराब और मस्तुंग में 10 हथियारबंद लोगों को मार गिराया गया। सेना के अनुसार, सोराब जिले में सात और मस्तुंग में तीन लोग मारे गए। इसके साथ ही दो कथित महिला आत्मघाती हमलावरों और उनके एक सहयोगी को भी हिरासत में लिया गया।









