नवादा, 23 जुलाई।
नवादा मंडल कारा में पॉक्सो एक्ट के तहत बंद 20 वर्षीय कैदी ने सीढ़ी रूम में गमछे के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इस प्रकरण में लापरवाही के आरोप में एक कक्षपाल को निलंबित कर दिया गया है।
मंडल कारा अधीक्षक बृजेश सिंह मेहता ने गुरुवार को बताया कि मेसकौर थाना क्षेत्र के महाराजगंज गांव निवासी घनश्याम कुमार जेल में बंद था। सुबह करीब 4:30 बजे कक्षपाल ने कैदियों के लिए वार्ड खोलने की चाबी उसे दी थी। इसी दौरान वह सीढ़ी रूम में पहुंचा और अपने गमछे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना की जानकारी मिलने पर उसकी हालत गंभीर होने पर पहले जेल अस्पताल में भर्ती कर ऑक्सीजन दी गई। बाद में स्थिति अधिक बिगड़ने पर उसे सदर अस्पताल नवादा भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
कारा अधीक्षक ने बताया कि वार्ड खोलने के लिए कैदी को चाबी दिए जाने के कारण यह घटना हुई। इसी आधार पर संबंधित कक्षपाल को निलंबित किया गया है। उन्होंने कहा कि कैदी ने किन परिस्थितियों में आत्महत्या की और इसके पीछे क्या कारण रहे, इसकी जांच शुरू कर दी गई है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मृतक के पिता रघु चौहान ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषी जेल अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि उनके पुत्र की हत्या की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता, इसलिए इस पहलू को भी जांच में शामिल किया जाना चाहिए।











