नई दिल्ली, 24 जुलाई।
नीट पेपर लीक मामले को लेकर पिछले 26 दिनों से जारी सोनम वांगचुक का अनिश्चितकालीन अनशन समाप्त हो गया। उन्होंने यह फैसला केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और परमाणु ऊर्जा विभाग तथा अंतरिक्ष विभाग में राज्यमंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह के साथ हुई विस्तृत बातचीत के बाद लिया। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो संदेश जारी कर पेपर लीक के दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई और इस विषय पर कैबिनेट स्तर पर महत्वपूर्ण निर्णय लेने का भरोसा दिया था।
अनशन समाप्त करने के बाद सोनम वांगचुक ने कहा कि यह निर्णय व्यापक संवाद और देश में किसी भी प्रकार की हिंसक स्थिति की आशंका को ध्यान में रखकर लिया गया है। उन्होंने बताया कि विभिन्न राजनीतिक दलों के लगभग 65 सांसदों ने उनसे मुलाकात कर अथवा पत्र लिखकर अनशन समाप्त करने का आग्रह किया था। उन्होंने यह भी कहा कि इस निर्णय से जुड़ी कुछ महत्वपूर्ण शर्तों की जानकारी वह जल्द ही अलग वीडियो के माध्यम से साझा करेंगे। साथ ही समर्थकों से शांतिपूर्ण ढंग से आंदोलन जारी रखने और किसी भी प्रकार की हिंसा से दूर रहने की अपील की।
इस बीच सफदरजंग अस्पताल में जेपी नड्डा और डॉ. जितेंद्र सिंह की सोनम वांगचुक से मुलाकात का वीडियो भी सामने आया। सूत्रों के अनुसार सरकार और आंदोलनकारियों के बीच कई चरणों में बातचीत हुई, जिसमें अनेक अहम बिंदुओं पर सहमति बनी। प्रदर्शन में शामिल लोगों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई नहीं करने के सरकारी आश्वासन को भी अनशन समाप्त होने का एक प्रमुख कारण बताया गया।
सोनम वांगचुक ने 28 जून से उन छात्रों और युवाओं के समर्थन में भूख हड़ताल शुरू की थी, जो प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही की मांग कर रहे हैं। उनकी प्रमुख मांगों में परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, दोषियों पर सख्त कार्रवाई और भविष्य में पेपर लीक रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था लागू करना शामिल रहा।
लगातार उपवास के चलते 18 जुलाई को उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। डॉक्टरों की सलाह और अदालत के निर्देश के बाद दिल्ली पुलिस उन्हें इलाज के लिए सफदरजंग अस्पताल लेकर गई थी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो संदेश और सोशल मीडिया मंच एक्स पर किए गए पोस्ट में कहा था कि पेपर लीक के खिलाफ और सख्त कदम अगली कैबिनेट बैठक में उठाए जाएंगे। इसके बाद आंदोलन के समाधान को लेकर सकारात्मक माहौल बना और देर रात सोनम वांगचुक ने अपना अनशन समाप्त करने की घोषणा कर दी।
इससे पहले केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा था कि वह डॉक्टरों की सलाह का पालन करें और जल्द अपना पूर्व स्वास्थ्य प्राप्त करें। उन्होंने उनके अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना भी की।















